नीमकाथाना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 768 किलो संदिग्ध बेसन सीज, शिविर में 84 खाद्य लाइसेंस जारी | New India Times

अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत मंगलवार को नीमकाथाना में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सख्त कार्रवाई की। इस दौरान 768 किलोग्राम बेसन को मिलावट की आशंका के चलते सीज किया गया, वहीं खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण शिविर में 84 लाइसेंस जारी किए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया के निर्देशन में जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
एफएसओ फूलसिंह बाजिया, महमूद अली और सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने नीमकाथाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित नृसिंह इंडस्ट्रीज का निरीक्षण किया। यहां से बेसन का सैंपल लिया गया और मिलावट की आशंका पर 768 किलो बेसन सीज किया गया।
इसके अलावा जोधपुर स्वीट्स होम (सिरोही बस स्टैंड) से मावा बर्फी तथा अन्नपूर्णा मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई के नमूने लिए गए। सभी सैंपल जांच के लिए जयपुर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एफएसओ महमूद अली ने बताया कि नीमकाथाना शहर और सिरोही क्षेत्र में मिठाई विक्रेताओं एवं खाद्य कारोबारियों को एफएसएसएआई नियमों की जानकारी दी गई तथा उनका अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में आयोजित खाद्य लाइसेंस एवं पंजीकरण शिविर में कुल 84 लाइसेंस जारी किए गए।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.