समय पर वेतन और लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का नगर पालिका गेट पर धरना | New India Times

इदरीस मंसूरी, ब्यूरो चीफ, गुना (मप्र), NIT:

समय पर वेतन भुगतान और अन्य लंबित मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने सोमवार से नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया है। यह आंदोलन अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस जिला शाखा के बैनर तले किया जा रहा है।

जिला अध्यक्ष महेश पारोछिया ने बताया कि इससे पूर्व 24 दिसंबर को चार सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया था और 15 दिनों का समय दिया गया था, लेकिन अब तक मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

महेश पारोछिया ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की कोई टकराव की मंशा नहीं है, वे केवल अपने हक और अधिकार की मांग कर रहे हैं। समय पर वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को बैंकों से लिए गए ऋण पर पेनल्टी चुकानी पड़ रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

उन्होंने बताया कि 12 तारीख तक भी वेतन का भुगतान नहीं किया गया, जबकि मकर संक्रांति जैसे पर्व आ चुके हैं। कई कर्मचारियों के परिवार, विशेषकर बच्चों को त्योहार की खुशियां तक नसीब नहीं हो पाईं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धरना-प्रदर्शन के बावजूद फिलहाल शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं हो रही है। कर्मचारी प्रतिदिन पहले अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं और उसके पश्चात सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक धरना दे रहे हैं।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखी गई हैं, जिनमें वेतन का भुगतान प्रत्येक माह 1 से 5 तारीख के बीच किए जाने, समयमान वेतनमान का लाभ सभी कर्मचारियों को दिए जाने, वर्ष 2019 से लंबित वर्दी एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने तथा शासन निर्देशानुसार कर्मचारियों का नियमितीकरण किए जाने की मांग शामिल है।

मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में सफाई कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन कामबंद हड़ताल की चेतावनी दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.