वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

नगर पालिका परिषद एवं क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में आयोजित नौ दिवसीय “लखीमपुर खेल महोत्सव सीजन-2” का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलन, तिरंगे गुब्बारों के साथ खेल महोत्सव के प्रतीक का उड़ान भरवाकर तथा कुश्ती रिंग का फीता काटकर किया गया।
कचहरी रोड स्थित नसीरुद्दीन मौजी स्मारक सभागार के समीप गांधी मैदान (विलोबी मैदान) में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि सदर विधायक योगेश वर्मा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन कुमार गौतम, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित आयोजक मौजूद रहे।
इस अवसर पर मूकबधिर विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वागत गीत, प्रयास संस्था द्वारा देशभक्ति गीत एवं स्वच्छता अभियान पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई। साथ ही कुश्ती रिंग में मूकबधिर बच्चों की कुश्ती प्रतियोगिता तथा क्रिकेट मैदान पर बालिकाओं की क्रिकेट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। उद्घाटन सत्र का सुव्यवस्थित संचालन समाजसेवी एवं साहित्यकार राम मोहन गुप्त ने किया।
खेल प्रेमियों और दर्शकों से खचाखच भरा गांधी मैदान मिनी स्टेडियम का रूप ले चुका था। आयोजन को भव्य स्वरूप देने में नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ विधायक योगेश वर्मा, क्रीड़ा भारती के कपिल श्रीवास्तव, आशीष सिंह चौहान, कनिष्क बरनवाल तथा इंजीनियर दुर्गेश वर्मा की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर विभिन्न सभासद, समाजसेवी, अतिथि एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद बालिका वर्ग का पहला मैच बालिका विद्या मंदिर और सी.वी. सिंह गौड विद्यालय के मध्य खेला गया, जिसमें बालिका विद्या मंदिर ने 10 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में वूमेन ऑफ द मैच महक कौर, बेस्ट फील्डर रुचि, बेस्ट बॉलर रागिनी रहीं, जबकि वूमेन ऑफ द सीरीज़ का खिताब कोमल शर्मा को मिला। दूसरा बालिका वर्ग का मैच डॉन बॉस्को और तो महीना विद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें डॉन बॉस्को ने 9 विकेट से जीत हासिल की।
इस मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज गौरी सिंह चौहान, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज खुशी, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक पीटू तथा वूमेन ऑफ द मैच का खिताब अस्मत को प्रदान किया गया। बालक वर्ग (इलेवन) का पहला मैच यश इलेवन और महेवा क्रिकेट टीम के मध्य खेला गया, जिसमें यश क्रिकेट क्लब ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज आयुष तोमर, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज राजुवेन्द्र, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक शमन रहे, जबकि मैन ऑफ द मैच का खिताब हिमांशु को दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष कपिल श्रीवास्तव, खेल महोत्सव के संयोजक आशीष सिंह चौहान, इंजीनियर दुर्गेश वर्मा सहित समस्त सभासद एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

