ज़फ़र खान, अकोट/अकोला (महाराष्ट्र), NIT:
जैसे-जैसे नगर पंचायत चुनाव नजदीक आ रहे हैं, धारणी में राजनीतिक सरगर्मी तेज़ होती जा रही है। सभी पार्टियां अपने संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन में जुटी हुई हैं और रणनीतियां बना रही हैं। कई दल अब केवल चेहरे नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की काबिलियत और जमीनी कार्य को देखकर टिकट देने की तैयारी में हैं। इसी बीच प्रभाग क्रमांक 8 से समरिन परवीन तनवीर कुरैशी का नाम कांग्रेस पार्टी की संभावित उम्मीदवारों में तेजी से उभर रहा है। वहीं, भाजपा की ओर से भी कई नाम चर्चा में हैं।
बताया जाता है कि समरिन परवीन, धारणी के जाने-माने तनवीर कुरैशी की पत्नी और मशहूर समाजसेवक कलीम कुरैशी की बहू हैं। कलीम कुरैशी कांग्रेस पार्टी में अपनी निष्ठा, सक्रियता और निरंतर मेहनत के लिए जाने जाते हैं। वे हर मोर्चे, मीटिंग और आंदोलन में हमेशा अग्रिम पंक्ति में नज़र आते हैं। अब जब धारणी नगर पंचायत चुनाव की रणनीतियां बन रही हैं, तो प्रभाग क्रमांक 8 के नागरिकों ने कांग्रेस नेतृत्व से यह मांग उठाई है कि समरिन परवीन तनवीर कुरैशी को पार्टी का उम्मीदवार बनाया जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वह शिक्षित, समझदार और सामाजिक रूप से सक्रिय महिला हैं — जो अपने वार्ड की समस्याओं को अच्छी तरह समझती हैं और हर घर से उनका जुड़ाव है। नागरिकों का यह भी मानना है कि अगर कांग्रेस पार्टी ने इस प्रभाग से समरिन परवीन को टिकट दिया, तो जीत लगभग तय मानी जा सकती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी आंतरिक बैठकों में उनके नाम पर सहमति जताई है।
धारणी नगर पंचायत का यह प्रभाग महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, ऐसे में कांग्रेस के पास समरिन परवीन जैसी शिक्षित, जमीनी और लोकप्रिय उम्मीदवार का होना पार्टी के लिए मजबूती का कारण बन सकता है। अब धारणी में यह चर्चा जोरों पर है कि क्या कांग्रेस पार्टी नागरिकों की इस मांग को स्वीकार कर समरिन परवीन तनवीर कुरैशी को प्रभाग क्रमांक 8 से आधिकारिक उम्मीदवार बनाएगी? अगर ऐसा हुआ, तो यह कदम कांग्रेस की ओर से महिला नेतृत्व और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान की मिसाल साबित हो सकता है।

