पवन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार ग्वालियर में पुलिस उप महानिरीक्षक ग्वालियर रेंज श्रीमती कृष्णावेणी देशावतु,भापुसे एवं पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री राजेश सिंह चंदेल,भापुसे द्वारा ग्वालियर जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों तथा शहर व देहात के थाना प्रभारियों की कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक ली गई। बैठक में अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व/अपराध/यातायात) श्री ऋषिकेश मीना,भापुसे, अति. पुलिस अधीक्षक श्री निरंजन शर्मा, श्री अखिलेश रेनवाल, श्री अमृत मीना, श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान, समस्त सीएसपी व एसडीओपीगण एवं जिले के समस्त थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में डीआईजी ग्वालियर ने उपस्थित सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह अपने फोर्स के साथ ड्यूटी के दौरान वर्दी में रहेंगे तथा किसी क्रिमिनल को पकड़ने या दबिश देने से पूर्व अपने वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक रूप से सूचित करेंगे। ड्यूटी के समय पुलिस अधिकारी व कर्मचारी अपने साथ शासकीय आर्म्स रखेंगे और डीजीपी म0प्र0 के निर्देशानुसार सभी थाना प्रभारी अवैध शराब व भूमाफिया के खिलाफ जीरो टोलरेंस नीति के तहत कार्यवाही करेंगे। बैठक में डीआईजी ग्वालियर ने कहा कि अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को दृष्टिगत रखते हुए सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित मंदिर, मस्जिद व चर्च के धर्मगुरूओं से संपर्क स्थापित करें और 22 जनवरी को मंदिरों में होने वाले आयोजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त करें।
सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी पेट्रोलिंग करेंगे जिससे कोई अप्रिय घटना घटित न हो एवं थाना प्रभारीगण अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों पर पिकेट लगाकर चेकिंग करें। थानों में आसूचना संकलन में लगे हुए कर्मचारियों को अलर्ट रहने के लिये निर्देशित करें। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को प्रस्तावित भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा को दृष्टिगत रखते हुए होने वाले आयोजनों व भण्डारे के संचालकों से संपर्क स्थापित कर पार्किंग आदि की उचित व्यवस्था करायें। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अभद्र व अनावश्यक कथन/गलत टिप्पणी पोस्ट करने वालों को चिन्हित कर वैधानिक कार्यवाही करेें। थाना प्रभारी अपने बीट प्रभारी के माध्यम से क्षेत्र में होने वाले आयोजनों व निकाले जाने वाले जुलूसों की जानकारी आवश्यक रूप से प्राप्त करें। रेल्वे स्टेशन व बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले संदिग्धों पर निगरानी रखी जाए। बैठक में डीआईजी ग्वालियर ने कहा कि सभी थाना प्रभारी फरारी इनामी बदमाशों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही करेंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने उपस्थित थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिये तथा कहा कि पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस अधिकारी यह भी देखेंगे कि मंदिर व मस्जिदों के आसपास कोई विवादास्पद बैनर या पोस्टर न लगा हो। सभी थाना प्रभारी बीट प्रभारियों से बातचीत करेंगे कि उनकी बीट में कहां-कहां भंडारे व रैलियां निकलेंगी इसकी जानकारी एकत्रित करेंगे। सभी थाना प्रभारी धर्मगुरूओं से संपर्क स्थापित कर 22 जनवरी को होने वाले आयोजन को सद्भाव व शालीनता से करने की सलाह देंगे तथा आमजनों के बीच जाकर उन्हे संदेश दे कि वह अपने घरों में रहकर ही दीप जलाएं। सार्वजनिक स्थलों पर होने वाले आयोजनों में समय से पहले पुलिस बल लगाने की व्यवस्था की जाए। इस अवसर पर एसपी ग्वालियर ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वह अपने थाना क्षेत्र में जुआ, सट्टा, अवैध शराब व भूमाफियाओं के खिलाफ प्रभावी कार्यवाही करेंगे। इसके साथ ही अपने-अपने थाना क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करेंगे और सभी थाना प्रभारी अपने-अपने वाहन में बलवा ड्रिल की सामग्री आवश्यक रूप से रखेंगे।
