वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

लखीमपुर-खीरी जिला में हुए भीषण ट्रक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। इस मामले की जांच आईजी स्तर के अधिकारी करेंगे। सीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार राहत राशि देने का निर्देश दिया है। सीएम ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताते हुए तेजी से राहत बचाव के निर्देश दिए थे।
बता दें कि लखीमपुर खीरी में पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर शहर से लगभग दस किलोमीटर दूर पनगी खुर्द गांव में शनिवार की शाम साढ़े सात बजे ट्रक ने 10 लोगों को रौंद दिया। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और पांच गंभीर घायल हो गए।ये लोग कुछ देर पहले कार की टक्कर से घायल हुए स्कूटी सवार को देखने के लिए जुटे थे।
लोगों को रौंदने वाला ट्रक बहराइच से लखीमपुर आ रहा था। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और रास्ते में लंबा जाम लग गया। इस बीच ट्रक चालक वहां से भाग निकला। सूचना पर एसपी गणेश प्रसाद साहा और सीओ सिटी संदीप सिंह भी पहुंचे।
मृतकों में पनगी खुर्द गांव के 14 वर्षीय करन पुत्र दीवान निषाद, 20 वर्षीय रिजवान पुत्र जलील, 84 वर्षीय पारस निषाद के अलावा तीरथपुर ककरहा गांव के 30 वर्षीय करुणेश वर्मा पुत्र रामनरेश व एक अन्य अज्ञात शामिल हैं। सड़क हादसे में घायल हुए पांच लोगों में से चार पनगी खुर्द के ही हैं।
