यूसुफ खान, ब्यूरो चीफ, धौलपुर (राजस्थान), NIT:

कोरोना महामारी के चलते मानव जीवन को बचाने के लिए धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह ने बड़ी पहल कर अपने विधायक कोटे से जिला अस्पताल धौलपुर में कोरोना बचाव हेतु विभिन्न उपकरणों को खरीदने के लिए 1 करोड़ रुपये की राशि अपने विधायक फंड से जारी की है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद धौलपुर को भेजे अभिशंशा पत्र में धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह ने कोविड-19 की महामारी को ध्यान में रखते हुए मानव जीवन को बचाने के लिए उपयोग में आने वाले जीवन रक्षक उपकरणों हेतु जिला चिकित्सालय धौलपुर के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को कार्यकारी एजेंसी बनाते हुए 50 ऑक्सीजन कन्सेट्रेटर (फिलिप्स) मशीनों के लिए 25 लाख रुपये, इंटर- हॉस्पिटल लोडर गाड़ी ट्रांसपोर्टेशन, मेडिसिंस आदि के लिए 5 लाख रुपये, दो मरीज एंबुलेंस (टाटा) खरीदने हेतु 24 लाख रुपये, 47 मल्टीपैरा आईसीयू कार्डियक मॉनिटर (बीपीएल) के लिये 21 लाख 15 हजार रुपए, 10 ईसीजी मशीनो हेतु 2 लाख रुपये, 100 पल्स ऑक्सीमीटर छोटा के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये, 19 नेबोलाइजेशन मशीनों के लिए 95 हजार रुपये, 100 ऑक्सीजन सिलेंडर डीटाइप, 07 क्यूविक मीटर क्षमता के लिए 15 लाख रुपये, 10 ऑक्सीजन सिलेंडर बी टाईप विद स्टैंड के लिये एक लाख रुपये, 20 पेशेंट स्ट्रेचर सुपर क्वालिटी के लिये 2 लाख 40 हजार रुपये एवं 20 पेशेंट व्हील चेयर के लिये 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाह ने अपने विधायक कोटे से एक करोड़ की राशि देते हुए प्रशासन के अधिकारियों से जीवन रक्षक उपकरणों को अति शीघ्र जिला अस्पताल को उपलब्ध कराने को कहा है।
इससे पूर्व विधायक शोभारानी कुशवाह रविवार की प्रातः धौलपुर के जिला अस्पताल पहुंचीं, जहां उन्होंने अस्पताल के कोविड-19 वार्ड सहित सामान्य चिकित्सालय धौलपुर में भर्ती मरीजों के लिये अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर समरजीत सिंह ने विधायक को बताया कि मरीजों को बेहतर उपचार के लिए चिकित्सा विभाग के कर्मचारियों द्वारा सामूहिक प्रयास किए जा रहे हैं जिसके परिणाम भी सतत् आ रहे हैं। विधायक शोभारानी कुशवाह ने महामारी के दौरान डॉक्टर्स, चिकित्सा कर्मचारियों सहित व्यवस्थाओं में लगे सभी कर्मचारियों द्वारा मरीजों की जान बचाने के लिए प्रयासों हेतु आभार भी जताया। निरीक्षण के दौरान विधायक शोभारानी कुशवाह ने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि वे जी जान से कोरोना पीडित मरीजों का इलाज करें, उनके इलाज के लिए यदि भविष्य में भी उपकरणों की आवश्यकता हुई तो वह देने से पीछे नहीं हटेंगीं। जिला अस्पताल धौलपुर को उपकरणों हेतु एक करोड़ रुपये की राशि दिए जाने पर प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार ने धौलपुर विधायक का आभार व्यक्त किया।
