ओम प्रकाश सोनी, ब्यूरो चीफ, अनूपपुर (मप्र), NIT:

कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने गुमशुदा 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को तेलंगाना राज्य से सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस मामले में बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद जैन के नेतृत्व में टीम गठित कर लगातार खोजबीन की गई।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को नाबालिग बालिका के अचानक घर से लापता होने की रिपोर्ट थाना कोतवाली अनूपपुर में दर्ज की गई थी। इस पर अपराध क्रमांक 231/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और साइबर सेल की मदद से बालिका की लोकेशन का पता लगाते हुए उसे तेलंगाना राज्य के रंगारेड्डी जिले के सादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत फारूखनगर से बरामद किया। बालिका आरोपी गणेश सारथी (20 वर्ष), निवासी ग्राम सकरा, अनूपपुर के कब्जे में मिली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गणेश सारथी, जो तेलंगाना में मजदूरी करता है, ने बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की विवेचना जारी है। वहीं, बरामद बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
टीम में शामिल अधिकारी:
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सतानंद कोल, प्रधान आरक्षक महेंद्र सिंह, आरक्षक दीपक बुंदेला, महिला आरक्षक कुंती शर्मा तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार और आरक्षक पंकज मिश्रा की अहम भूमिका रही।

