अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

मथुरा में स्कूल बस हादसों के बाद भी जिला प्रशासन सबक लेता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामला उस समय सामने आया जब सरस्वती शिशु मंदिर की एक स्कूल बस छुट्टी के बाद बच्चों को छोड़ने के लिए रेलवे कॉलोनी, मथुरा की ओर जा रही थी।
बताया जा रहा है कि रास्ते में बस चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और बस विद्युत पोल से टकरा गई। गनीमत यह रही कि विद्युत पोल नहीं टूटा, वरना बड़ा हादसा हो सकता था, क्योंकि पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था।
हादसे में एक बच्चे को मामूली चोट आई है। घटना के बाद बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए दूसरे वाहन की व्यवस्था की गई।
घटना की सूचना मिलने पर ब्रज यातायात एवं पर्यावरण जन-जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने मामले को गंभीरता से लिया और जिले के आला अधिकारियों से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि मथुरा में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिला प्रशासन को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा इस संबंध में शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
उन्होंने यह भी मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार स्कूल बस चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किया जाए।
वहीं, इस घटना के बाद जिलाधिकारी से सड़क सुरक्षा की समीक्षा बैठक बुलाने की भी मांग की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

