मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नवेगांव और कटकुही में शनिवार को ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। अवैध क्लिनिकों में बिना अनुमति के प्रैक्टिस कर मरीजों का इलाज किया जा रहा था। टीम को देखते ही कथित झोलाछाप डॉक्टर मौके से भागते हुए दिखाई दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार अवैध क्लिनिकों का जाल फैला हुआ है, जहां मरीजों की जान की परवाह किए बिना उन्हें ठगा जा रहा है। हैरान करने वाली बात यह है कि इन क्लिनिकों में एक्सपायरी डेट की दवाइयाँ चॉकलेट की तरह मरीजों में बाँटी जा रही थीं।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि एक्सपायर हो चुकी सभी दवाइयाँ मौके से बरामद कर ली गईं और दोनों अवैध क्लिनिकों को सील कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि कटकुही, हिरदागढ़, मंकूघाटी और भातोडिया सहित कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी अवैध क्लिनिक संचालित हो रहे हैं, जो मरीजों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं।

