अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

शिवराज सरकार द्वारा त्योहारों पर लाॅकडाउन लगाए जाने के फैसले को लेकर आज कांग्रेसी विधायक आरिफ मसूद ने एक पत्रकारवार्ता का आयोजन किया जिस में उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार द्वारा त्योहारों पर लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है इस संबंध में मध्य प्रदेश के गृहमंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा जी से दूरभाष पर मेरी चर्चा हुई है, बकरा ईद पर होने वाली कुर्बानी में किसी भी प्रकार की बाधा ना आए इस पर यदि शाम तक कोई निर्णय नहीं लिया जाता तो कल दुकानदार, व्यापारी और आमजन प्रमुख चैराहों और घरों पर काले झंडे लगा कर सरकार के त्योहारों पर लाॅकडाउन के फैसले का विरोध करेगी।
विधायक आरिफ मसूद ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सरकार बिना सोचे समझे फैसले ले रही है जो जनविरोधी है। आम जनता तीन महीनों से आर्थिक तंगी से जुझ रही है और सरकार लगातार लॉकडाउन लगा रही है। धार्मिक त्योहारों पर लोगों की आस्था जुड़ी है सरकार लगातार सभी धर्म के लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। त्योहारों पर लगातार लॉकडाउन लगा रही है इससे छोटे व्यापारियों को काफी नुकसान होगा। इससे पूर्व रमजान और ईद तक लॉकडाउन लगा रहा इस कारण व्यपारियों को भारी नुकसान हुआ था फिर बकरा ईद और रक्षाबंधन के मौके पर लॉकडाउन लगाया जा रहा है फिर आम जनता और व्यापारी भाईयों को इस की वजह से नुकसान होगा। विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि कोरोना की लड़ाई में सरकार पेरी तरह फेल हुई है। स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं, सरकार और भाजपा नेताओं को उप चुनाव की चिंता है और इनके नेता भीड़ इकट्ठा कर के कार्यक्रम कर रहे हैं, सरकार को त्योहारों पर ही लॉकडाउन दिखाई दे रहा है भाजपा नेताओं और मंत्रियों द्वारा भीड़ इकट्ठा करने पर क्यों दिखाई नही दे रहा है? विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि सरकार को मजदूरों ओर गरीबों की चिंता नहीं है क्योंकि लॉकडाउन की वजह से गरीबों को फिर परेशानी का सामना करना पड़ेगा। त्योहारों पर लॉकडाउन लगाने का फैसला सरकार को वापस लेना चाहिए।
