संजय गुप्ता, सागर ( मप्र ), NIT;
शराब बंदी एवं शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर भाजपा नेता संदीप जैन आंदोलन करने की तैयारी कर रहे हैं। देवरी नगर के बीचो-बीच मंदिर मजार के पास बस स्टैंड से लगे शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष संदीप जैन बबलू सिनेमा वाले द्वारा डॉक्टर भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर शराबबंदी एवं शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे। संदीप जैन का कहना है कि नगर के बीचो-बीच स्थित शराब ठेका के कारण नगर में शराबखोरी की स्थिति बढ़ रही है वहीं बाजू में मंदिर मजार होने एवं बस स्टैंड पास होने के कारण रात्रि में यात्री बैठ नहीं पाते हैं। हमारे मुख्यमंत्री का भी साफ कहना है कि मंदिर एवं मजार के आसपास कोई भी शराब ठेका नहीं रहेगा, इसलिए हमारी मांग जायज है और प्रशासन को तत्काल ठेका हटाने की कार्यवाही करनी चाहिए। नगर मंडल अध्यक्ष द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए एक कमेंट के बाद एवं पत्रकारों द्वारा अन्य राजनैतिक लोगों के सामने ना आने की बात को लेकर अब जनप्रतिनिधि एवं नेता भी सामने आने लगे हैं। जनपद अध्यक्ष आंचल आठया का कहना है कि शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर वह इस आंदोलन में शामिल होंगी, वहीं सांसद प्रतिनिधि डॉक्टर अवनीश मिश्रा ने भी आंदोलन को समर्थन देते हुए उपस्थित रहकर ठेका हटाने की मांग को प्रबल समर्थन देने की बात कही है। अब देखना यह है कि शराब ठेका हटाने की मांग कितनी सार्थक होती है।
