अबरार अहमद खान, भोपाल, NIT;
होली के त्यौहार पर शहर की कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने में व्यस्त रहने वाले पुलिस कर्मियों ने आज जमकर होली खेली। होली के दूसरे दिन दूज पर नेहरू नगर पुलिस लाइन में होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें डीआईजी रमन सिंह सिकरवार, एसपी नार्थ अरविंद सक्सेना, एसपी साउथ सिद्दार्थ बहुगुणा सहित पुलिस के कई आला अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान सभी पुलिसकर्मी होली के रंग में रंगे नजर आए। एक-दूसरे को रंग लगाने के साथ ही साथ जमकर डांस भी किया।
डीआईजी रमन सिंह सिकरवार ने बताया कि होली के दिन हमारे जवान शहर की कानून व्यवस्था बनाए रखने में व्यस्त रहते हैं। ड्यूटी पर होने के कारण वह होली नहीं खेल पाते हैं, ऐसी स्थिति में हर साल होली के दूसरे दिन पुलिस लाइन में उनके लिए खास सेलिब्रेशन का इंतजाम किया जाता है। डीआईजी रमण सिंह सिकरवार ने सभी पुलिस कर्मियों को होली की शुभकामनाएं भी दी।
