तारिक खान, भोपाल, NIT;
मध्यप्रदेश में परीक्षा पत्र लीक होने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज इसकी गूंज विधानसभा में भी सुनाई दी। कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने यह मामला उठाते हुए कहा कि, यह छात्रों के साथ अन्याय हुआ है, इसलिए दोषियों को तुरंत निलंबित किया जाए। लोक शिक्षण आयुक्त ने 9वीं और 11वीं कक्षाओं की परीक्षाएं निरस्त कर दी हैं।
शुक्रवार को 10वीं का साइंस का पेपर हुआ है। इस दौरान बच्चे आशंकित दिखे कि, कहीं उनका पेपर भी कैंसल तो नहीं हो जाएगा। लोक शिक्षण संचालनालय ने नौवीं और 11वीं क्लास की परीक्षाएं आगामी आदेश तक निरस्त कर दी हैं। अब तक जो पर्चे हो चुके थे, उन्हें भी निरस्त कर दिया गया है। साथ ही अगले पेपर भी निरस्त कर दिए गए हैं। लोक शिक्षण आयुक्त नीरज दुबे ने इस संबंध में गुरुवार देर शाम आदेश जारी कर कहा है कि अमरपाटन, जिला सतना में इन परीक्षाओं के पर्चे वॉट्सएप पर लीक होने की जानकारी मिली थी। जब इस मामले की जांच करवाई गई तो यह शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पूरी परीक्षा को ही निरस्त कर दिया गया है। मालूम हो कि बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ 9वीं और 11वीं कक्षाओं की परीक्षाएं भी शुरू हुई थीं।
स्कूल शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी ने कहा है की हम अभी नहीं मान रहे की पर्चा लीक हुआ है, क्योंकि हमें 8:30 पर व्हाट्सएप्प पर पर्चा दिखाया गया है। फिल्हाल जांच जारी है। कांग्रेस विधायक मुकेश नायक ने विधानसभा में दोषियों के तुरंत निलंबन की मांग उठाई है।
