मेहलक़ा अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
जबलपुर एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों का कारोबार करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो अवैध हथियारों के तस्करों को 27 देसी पिस्टल व 20 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
STF जबलपुर को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि बुरहानपुर के खकनार गांव से कुछ व्यक्ति आगामी चुनावों में अशांति फैलाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर पिस्टलों का निर्माण कर उनकी सप्लाई मध्यप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में करने की तैयारी कर रहे है।
सूत्रों से जानकारी मिली थी कि खकनार के रहने वाले इकबाल सिंह पिता रेवल सिंह, सिकलीकर अपने साथी के साथ सतना के ग्राम डोईफोडिया के आसपास के क्षेत्र में बडी संख्या में पिस्टलों की डिलेवरी देने वाला है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक STF श्री एस डबल्यू नकवी के निर्देशन में जबलपुर एसटीएफ प्रभारी श्री हरिओम दीक्षित ने अपनी टीम के साथ मुखबिर द्वारा बताये गये स्थान पर दबिश दी। उक्त स्थान पर पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को देखा और जब पुलिस ने उनको आवाज़ दी तो वह भागने लगे। पुलिस ने उनको पकड़कर तलाशी ली तो उनके पास से 27 देशी पिस्टलए और 20 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।

