अविनाश द्विवेदी, भिंड (मध्यप्रदेश), NIT;
भिण्ड जिले में पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया शोक संतृप्त परिवारों के यहां जाकर परिजनों से मुलाकात कर रहे हैं। पहले वह दो अप्रेल की हिंसा मारे गए युवकों के परिजनों से मिले और फिर सुकमा नक्सली हमले में शहीद जितेंद्र को श्रद्धांजलि देने उनके घर पहुंचे। इसके बाद वह दुर्घटना में मृत पत्रकार संदीप शर्मा के घर भी पहुंचे, यहां पहुंचकर उन्होंने संदीप के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि संदीप के साथ जो घटना हुई वह प्रजातंत्र के चौथे स्तंभ को कुचलने की कोशिश है। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें शासन भी भागीदार रहा है। यहां पर केवल सीबीआई जांच की घोषणा की जाती है लेकिन आदेश नहीं निकलते। मुख्यमंत्री हर जगह घूमते हैं लेकिन पीड़ितों के बीच नहीं पहुंचते। उन्होंने कहा कि हमें चारों स्तंभ की रक्षा करनी होगी। हम किसी की आवाज को कुचलने नहीं देंगे। उन्होंने शिवराज सरकार को असंवेदनशील करार दिया।
