साबिर खान, मीरा-भाईंदर/मुंबई (महाराष्ट्र), NIT:

मीरा रोड स्थित काशीमीरा पुलिस ने व्यवसाय के नाम पर 12 लाख 15 हजार रुपये की कथित ठगी और अपहरण के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 3 लाख 27 हजार रुपये मूल्य के आभूषण, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा, आरोपियों द्वारा क्रिप्टोकरेंसी में निवेश की गई 4 लाख 81 हजार 918 रुपये की राशि भी सुरक्षित कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को रामदेव पार्क, मीरा रोड स्थित भवानी गोल्ड के मालिक महेंद्र सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी दुकान पर काम करने वाले रमाकांत जयप्रकाश शुक्ला को व्यवसाय के सिलसिले में मालाड, मुंबई से 12 लाख 15 हजार रुपये की नकद राशि लाने के लिए भेजा गया था। रमाकांत अपने मित्र रितेश जयप्रकाश मिश्रा और निरज मनीषचंद्र झा के साथ दोपहिया वाहन से मालाड गए थे।
वहां से नकदी लेकर लौटते समय 6 अक्टूबर को शाम करीब 6:30 बजे मीरा रोड पूर्व स्थित पांडुरंगवाड़ी के सर्विस रोड पर सम्राट होटल सिग्नल के पास दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर रमाकांत को बताया कि आगे ट्रैफिक पुलिस है और नकदी उनके पास होने की बात कहकर उन्हें आगे चलने के लिए कहा। इसके बाद आरोपियों ने वाहन की डिक्की में रखी 12 लाख 15 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर काशीमीरा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 515/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 318(4), 316(2) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की समानांतर जांच अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-1, काशीमीरा द्वारा की जा रही थी। जांच में पता चला कि आरोपी कथित वारदात के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर और उत्तर प्रदेश के वाराणसी सहित विभिन्न स्थानों पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वाराणसी से दो दिनों के लिए मुंबई के पवई इलाके में आए थे। इसके बाद 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उन्हें पवई, मुंबई से वाराणसी जाने की तैयारी के दौरान हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश जयप्रकाश मिश्रा और निरज मनीषचंद्र झा के रूप में हुई है। दोनों मीरा रोड पूर्व, जिला ठाणे के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 ग्राम वजन की दो सोने की चेन, एप्पल कंपनी का आईपैड, एयरपॉड्स, काले रंग के 11 आईफोन, सफेद रंग का ट्रॉली बैग और 3,000 रुपये नकद सहित कुल 3 लाख 27 हजार रुपये मूल्य का सामान बरामद किया है। इसके अतिरिक्त, आरोपियों द्वारा CoinDCX ऐप पर खरीदी गई 4 लाख 81 हजार 918 रुपये की क्रिप्टोकरेंसी को भी सुरक्षित किया गया है।
दोनों आरोपियों को आगे की जांच के लिए काशीमीरा पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक, अपर पुलिस आयुक्त संजय शिंदे, पुलिस उपायुक्त संदीप डोईफोडे तथा सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध प्रकटीकरण) के मार्गदर्शन में अपराध प्रकटीकरण शाखा, कक्ष-1, काशीमीरा की टीम ने की। टीम में पुलिस निरीक्षक सुशीलकुमार शिंदे, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन सानप, योगेश काळे, पुलिस उपनिरीक्षक अभिजीत लांडे तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

