त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

नगर पालिका देवरी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मनोहर बिझवार एवं सब इंजीनियर सुनील खेमरिया ने गुरुवार को लक्ष्मी वार्ड का निरीक्षण कर साफ-सफाई, नाली व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्यों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राकेश चौरसिया ने अधिकारियों को वार्ड की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। वार्डवासियों ने भी नालियों की सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट, निर्माण कार्यों सहित अन्य समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। सीएमओ एवं सब इंजीनियर ने मौके पर समस्याओं को सुना और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमओ मनोहर बिझवार ने वार्डवासियों को समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन देते हुए कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी 15 वार्डों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि सभी 15 वार्डों के प्रभारियों को नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करने तथा नागरिकों की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। प्राप्त शिकायतों का संबंधित विभाग के माध्यम से जल्द निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान लक्ष्मी वार्ड पार्षद प्रतिनिधि राकेश चौरसिया, अंबेडकर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नारायण वाल्मीकि एवं बाजार वार्ड पार्षद काशीराम पटेल सहित वार्डवासी मौजूद रहे।
