रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में स्थित भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की छोटी प्रतिमा क्षतिग्रस्त अवस्था में पाए जाने के बाद कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिला उपाध्यक्ष संदीप चावड़ा ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), झाबुआ को ज्ञापन सौंपकर क्षतिग्रस्त प्रतिमा की तत्काल मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिमा की मरम्मत संभव नहीं है, तो उसके स्थान पर नई एवं सम्मानजनक प्रतिमा स्थापित की जाए।
ज्ञापन में प्रतिमा स्थल का तत्काल निरीक्षण कराने, परिसर की साफ-सफाई तथा आवश्यक रखरखाव सुनिश्चित करने और संपूर्ण कार्रवाई सात दिवस के भीतर पूरी कराने की मांग की गई।
संदीप चावड़ा ने कहा कि, “बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर देश के संविधान निर्माता और सामाजिक न्याय के महान प्रणेता हैं। उनकी प्रतिमा का क्षतिग्रस्त अवस्था में रहना समाज की भावनाओं से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रशासन इस मामले को प्राथमिकता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करे।”
उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित अवधि में आवश्यक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समाज की भावनाओं और बाबा साहब के सम्मान को ध्यान में रखते हुए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आगे की कार्रवाई की जाएगी।

