मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में पार्टी के प्रदेश सचिव, मध्य प्रदेश शकील खान बुरहानपुर ने केंद्रीय गृह मंत्री, भारत सरकार, नई दिल्ली अमित शाह को पत्र भेजकर चिराग पासवान की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
शकील खान द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पार्टी के नेता एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को एक बार फिर गंभीर और जान से मारने की धमकी मिलना अत्यंत चिंताजनक एवं गंभीर विषय है। पूर्व में भी चिराग पासवान को इस प्रकार की धमकियां मिलने की घटनाएं सामने आती रही हैं। ऐसे में वर्तमान धमकी को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज करना उचित नहीं होगा।
पत्र में कहा गया कि चिराग पासवान देश के महत्वपूर्ण युवा जननेताओं में शामिल हैं और भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनके सार्वजनिक जीवन और देशहित में सक्रिय भूमिका को देखते हुए उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार की धमकी उनके साथ-साथ उनके परिवार, सहयोगियों और समर्थकों के लिए भी चिंता का विषय है।
शकील खान ने केंद्रीय गृह मंत्री से आग्रह किया कि मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए चिराग पासवान की सुरक्षा व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा कर आवश्यकतानुसार सुरक्षा को और अधिक कड़ा एवं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए जाएं।
उन्होंने यह भी मांग की कि चिराग पासवान को मिली धमकी की गंभीरता से जांच कर धमकी देने वाले व्यक्ति अथवा व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा कानून के अनुसार उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शकील खान ने विश्वास जताया कि केंद्रीय गृह मंत्री इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाएंगे और चिराग पासवान की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने देंगे।

