आंखों से नहीं देख सकते सुनील, लेकिन दिल से महसूस की ‘हनुमान अंश’; पूर्व विधायक पारुल साहू ने परिवार सहित दिखाई फिल्म | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

New India Times

इन दिनों देशभर में फिल्म ‘हनुमान अंश’ और इसके चर्चित भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ की खूब चर्चा हो रही है। इस भजन को अपनी आवाज देने वाले सागर जिले के सुरखी विधानसभा क्षेत्र के छोटे से गांव अगरा निवासी सुनील लोधी भी इन दिनों सुर्खियों में हैं। बचपन से दृष्टिहीन सुनील ने अपनी प्रतिभा और मधुर आवाज के दम पर फिल्म में खास पहचान बनाई है।

सुनील की आवाज में गाया गया यह भजन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और लोगों के बीच खूब पसंद किया जा रहा है। सुनील की दिली इच्छा थी कि वे भले ही अपनी आंखों से फिल्म न देख पाएं, लेकिन अपने माता-पिता और परिजनों के साथ सिनेमाघर में बैठकर ‘हनुमान अंश’ का अनुभव जरूर करें।

सुनील की इस इच्छा की जानकारी जैसे ही पूर्व विधायक पारुल साहू को मिली, उन्होंने तत्काल सुनील लोधी और उनके पूरे परिवार को सागर स्थित प्लेटिनम प्लाजा थिएटर में आमंत्रित किया। यहां सुनील और उनके परिजनों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया। इसके बाद पारुल साहू की ओर से पूरे परिवार को फिल्म दिखाई गई।

फिल्म देखने के बाद सुनील लोधी ने भावुक होकर पारुल साहू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मैं फिल्म को अपनी आंखों से तो नहीं देख सकता, लेकिन मैंने पूरी फिल्म सुनी और महसूस की है। मेरे परिजनों ने फिल्म देखी, यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है।”

सुनील ने इस विशेष अवसर के लिए पूर्व विधायक पारुल साहू और नीरज केशरवानी का भी आभार व्यक्त किया। यह पल सुनील और उनके परिवार के लिए बेहद खास रहा। एक ओर उनकी आवाज बड़े पर्दे तक पहुंची, वहीं दूसरी ओर अपने परिवार के साथ अपनी आवाज वाली फिल्म का अनुभव करने की उनकी इच्छा भी पूरी हुई।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.