मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस चौकी अंबाड़ा द्वारा लगातार रात्रि गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी की जा रही है। इसी दौरान रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम को कुछ युवक देर रात अनावश्यक रूप से घूमते हुए मिले।
पुलिस ने युवकों को मौके पर रोककर पूछताछ की और उन्हें असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी। साथ ही देर रात बिना किसी आवश्यक कारण के घूमने तथा किसी भी संदिग्ध अथवा अवांछित गतिविधि में शामिल नहीं होने की हिदायत दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में कानून-विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चौकी प्रभारी संजय सोनवानी ने क्षेत्रवासियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अंबाड़ा पुलिस द्वारा क्षेत्र में रात्रि गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और निगरानी लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के साथ युवाओं को गलत संगत और असामाजिक गतिविधियों से दूर रखना है।
