मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत छावड़ा के ग्राम गोरखघाट स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 3605076 में खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितता और कथित कालाबाजारी के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) जुन्नारदेव को शिकायत सौंपकर दुकान की तत्काल भौतिक जांच कराने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित सेल्समैन के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
अंगूठा लगवाकर राशन नहीं देने का आरोप
ग्रामीणों, ग्राम पंचायत छावड़ा के प्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के अनुसार, पिछले दो माह से करीब 30 से 35 पात्र हितग्राहियों को कथित रूप से राशन वितरण में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सेल्समैन द्वारा हितग्राहियों से पीओएस मशीन पर अंगूठा लगवा लिया जाता है, जिसके बाद ऑनलाइन रिकॉर्ड में राशन का वितरण दर्ज हो जाता है, लेकिन उन्हें गेहूं, चावल, शक्कर और नमक सहित खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराया जाता।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राशन मांगने पर हितग्राहियों को “बाद में माल मिलेगा” या “सर्वर डाउन है” जैसे कारण बताकर वापस लौटा दिया जाता है।
मध्याह्न भोजन व्यवस्था भी प्रभावित होने का दावा
ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि खाद्यान्न समय पर उपलब्ध नहीं होने से गरीब परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूलों में मध्याह्न भोजन संचालित करने वाले स्व-सहायता समूहों को भी समय पर अनाज नहीं मिलने से बच्चों के भोजन एवं पोषण व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही गई है।
शिकायत में प्रमुख मांगें
- उचित मूल्य दुकान क्रमांक 3605076 का तत्काल भौतिक सत्यापन कर स्टॉक की जांच कराई जाए।
- पीओएस मशीन में जिन हितग्राहियों का राशन दर्ज हुआ है, उनके पोर्टल/ऑनलाइन रिकॉर्ड का भौतिक स्टॉक से मिलान कराया जाए।
- पात्र हितग्राहियों को उनका बकाया खाद्यान्न तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
- अनियमितता प्रमाणित होने पर संबंधित सेल्समैन को हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर छिंदवाड़ा एवं जिला आपूर्ति अधिकारी को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने मामले में शीघ्र जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

