तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:
शहर के नए बस स्टैंड के सामने संचालित अंग्रेजी और देशी शराब की दुकानों के बाहर इन दिनों अव्यवस्था का आलम नजर आ रहा है। सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकानों के बाहर खड़े अधिकांश वाहन शराब ठेके से जुड़े लोगों के बताए जा रहे हैं, जिससे पार्किंग व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शराब दुकानों के आसपास स्कूल, हॉस्टल के साथ दोनों समुदायों के पूजा स्थल भी स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग के कारण कई बार सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या सामने होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों ने प्रशासन से शराब दुकानों के बाहर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक ठोस कार्रवाई करता है। स्थानीय लोगों में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी है और उन्होंने जल्द समाधान की मांग की है।

