मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
थाना चौक कोतवाली पुलिस ने साइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 11 साइकिलें और 150 रुपये नकद बरामद किए हैं।
थाना चौक कोतवाली प्रभारी के अनुसार, आवास विकास कॉलोनी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने 27 अगस्त को घर के बाहर से साइकिल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुशांत रावत कर रहे थे। इसी क्रम में 31 अगस्त की रात पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरेली-सीतापुर हाईवे के पास कान्हा गौशाला जाने वाले रास्ते से एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बड़े लल्ला (27) पुत्र स्व. रामनारायण निवासी ग्राम गोपालपुर ठठीऊरा, थाना तिलहर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 150 रुपये नकद और चोरी की एक साइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर 10 अन्य चोरी की साइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में चोरी और आबकारी अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं।

