सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो शेयर कर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, बटनदार चाकू बरामद | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी के साथ सागर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार नज़र रखी जा रही है। इसी दौरान थाना कैंट पुलिस को एक युवक द्वारा हथियारों के साथ फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर लोगों में भय का माहौल पैदा करने की जानकारी मिली।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान हर्ष पिता सीताराम राय (19), निवासी शिवाजी चौक के पास, थाना कैंट, सागर के रूप में की। पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे कजलीवन मैदान के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे का धारदार बटनदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना कैंट में धारा 25(1-बी) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले तथा आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और वीडियो साझा कर भय का माहौल बनाने वाले लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की सतर्कता के चलते आरोपी की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की गई।
थाना कैंट पुलिस द्वारा एक ही दिन में की गई यह दूसरी महत्वपूर्ण कार्रवाई बताई गई है। पुलिस का कहना है कि अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
सागर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय उत्पन्न करने वाले अथवा आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.