सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में सड़क पर उतरे दुकानदार, पीजीबीटी रोड पर मचा हड़कंप | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

राजधानी भोपाल के थाना गौतम नगर क्षेत्र स्थित पीजीबीटी रोड पर आज उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर निगम प्रशासन की टीम सीलिंग की कार्रवाई के लिए पहुंची। निगम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र के दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं और सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

दुकानदारों का कहना है कि सीलिंग की कार्रवाई से उनका कारोबार प्रभावित होगा और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारियों का कहना है कि कई वर्षों से दुकान और प्रतिष्ठान संचालित कर वे अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे हैं। ऐसे में यदि अचानक दुकानों को सील कर दिया जाता है तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि अगर दुकानें सील हो गईं तो उनके रोजगार, कर्मचारियों और परिवारों का क्या होगा?
कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली। बड़ी संख्या में दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर विरोध में शामिल रहे।

आप को बता दें कि पीजीबीटी रोड का यह क्षेत्र शिक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है। यहां कई स्कूल और कॉलेज संचालित होते हैं, जिसके चलते प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आना-जाना रहता है। क्षेत्र में दर्जनों एमपी ऑनलाइन की दुकानें भी संचालित होती हैं, जहां विद्यार्थी कॉलेज से जुड़े ऑनलाइन फॉर्म, दस्तावेज और अन्य जरूरी काम करवाते हैं।

सुबह से ही दुकानों के बंद रहने के कारण विद्यार्थियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर एमपी ऑनलाइन केंद्रों के बंद होने से कॉलेज संबंधी जरूरी काम कराने पहुंचे छात्र-छात्राओं को वापस लौटना पड़ा।

व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि सीलिंग की कार्रवाई से पहले उनकी समस्याओं और रोजगार से जुड़े पहलुओं पर भी विचार किया जाए। वहीं, निगम की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में दिनभर चर्चा और तनाव का माहौल बना रहा।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.