मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा टीमों ने जिले में कई खाद्य प्रतिष्ठानों और मिठाई कार खानों का निरीक्षण कर पांच नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इस दौरान करीब 43 किलोग्राम खराब मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जलालाबाद, कलान रोड, सहभाजपुर और थाना कलान क्षेत्र में स्थित अनिल लोज विक्रेता के कारखाने पर छापेमारी की। यहां अस्वच्छ दशा में रखे करीब 18 किलोग्राम लोज को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। प्रतिष्ठान पर खाद्य लाइसेंस भी नहीं पाया गया, जिस पर उसे तत्काल प्रभाव से बंद कर संबंधित धाराओं में परिवाद दाखिल करने की कार्रवाई शुरू की गई।
इसके अलावा महुआ डांडी स्थित चन्द्रकिशोर पुत्र राम प्रसाद के मिठाई कारखाने का निरीक्षण किया गया। यहां स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर कारोबारी को सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
शाहजहांपुर के श्याम स्वीट नामक प्रतिष्ठान से बर्फी का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। वहीं निगोही रोड, ककरामरा स्थित राजेंद्र प्रसाद के लोज बनाने वाले कारखाने पर छापेमारी कर करीब 25 किलोग्राम लोज नष्ट कराया गया। यहां लोज बनाने के लिए रखा घोल भी गंदी अवस्था में मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने पर कारोबारी को सुधार नोटिस जारी किया गया।
एक अन्य कार्रवाई में मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी स्थित संजीव कुमार गुप्ता ऑयल मर्चेंट से कच्ची घानी सरसों तेल का नमूना लिया गया। प्रतिष्ठान पर रखे रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल और मस्टर्ड ऑयल के पैकेटों पर उपभोक्ताओं की जानकारी के लिए आवश्यक सूचनाएं सही ढंग से अंकित नहीं मिलीं। मौके पर राज्य इंटरप्राइजेज द्वारा ले जाए जा रहे 80 टीन राइस ब्रान ऑयल में से एक नमूना लिया गया। पिकअप वाहन में 15 लीटर के 80 टीन लदे थे। तेल की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 1200 लीटर तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 1.56 लाख रुपये बताई गई है, सीज कर दिया गया।
विभाग के अनुसार सभी पांच नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावट के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

