अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के निर्देश के बाद प्रदेश में छात्र संघ चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने छात्र संघ चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में NSUI एवं युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और छात्र नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी छात्र संघ चुनाव को लेकर भोपाल के नवनियुक्त नवनियुक्त प्रभारी प्रकाश चौकसे एवं कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने किया। बैठक में छात्र संघ चुनाव लड़ने की रणनीति, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष चुनाव की संभावित व्यवस्था, प्रत्याशियों के चयन, कॉलेज स्तर पर संगठन को मजबूत करने तथा छात्र नेताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि भोपाल के प्रत्येक कॉलेज में NSUI की एक सक्रिय यूनिट बनाई जाएगी। जिन कॉलेजों में पहले से NSUI की इकाइयां मौजूद हैं, उन्हें और अधिक सक्रिय किया जाएगा तथा नए छात्र नेताओं को संगठन से जोड़कर कॉलेज स्तर पर मजबूत टीम तैयार की जाएगी।

प्रकाश चौकसे ने कहा— छात्र हितों की लड़ाई को कॉलेज स्तर तक मजबूत करेंगे
कांग्रेस नेता प्रकाश चौकसे ने कहा कि “छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक आवाज को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद छात्र संघ चुनाव को लेकर नई उम्मीद पैदा हुई है। कांग्रेस और NSUI पूरी गंभीरता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। हमारा प्रयास है कि जिले के प्रत्येक कॉलेज में संगठन की मजबूत और सक्रिय टीम तैयार हो, जो विद्यार्थियों की समस्याओं को मजबूती से उठाए और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़े।”
प्रकाश ने कहा कि “चुनाव प्रत्यक्ष हों या अप्रत्यक्ष, NSUI हर परिस्थिति के लिए पूरी तरह तैयार रहेगी। आने वाले दिनों में कॉलेजवार बैठकें और छात्र संपर्क अभियान चलाकर संगठन को बूथ स्तर की तर्ज पर कॉलेज स्तर तक मजबूत किया जाएगा।”
विवेक त्रिपाठी बोले— युवाओं और छात्रों की आवाज को मिलेगा मजबूत नेतृत्व
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि “छात्र संघ चुनाव केवल चुनाव नहीं बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी देने का अवसर है। लंबे समय से छात्र संघ चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की समस्याओं को उचित मंच नहीं मिल पा रहा था। अब यदि चुनाव होते हैं तो NSUI पूरी ताकत के साथ विद्यार्थियों के बीच जाएगी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।”
त्रिपाठी ने कहा कि “कॉलेजों में फीस, छात्रवृत्ति, परीक्षा, परिणाम, शिक्षकों की कमी, मूलभूत सुविधाओं और रोजगार जैसे अनेक मुद्दे विद्यार्थियों से जुड़े हैं। NSUI इन मुद्दों को लेकर छात्रों के बीच जाएगी और मजबूत छात्र नेतृत्व तैयार करेगी।”
NSUI जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर ने बताया कि बैठक में छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने, कॉलेजों में लगातार छात्र संपर्क अभियान चलाने तथा प्रत्येक महाविद्यालय में संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने बताया कि NSUI ने आगामी दिनों में कॉलेजवार बैठकें, छात्र संपर्क अभियान, सदस्यता अभियान एवं यूनिट गठन अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार की है। संगठन ने कहा कि छात्र संघ चुनाव की घोषणा होने से पहले ही प्रदेश के अधिकांश कॉलेजों में संगठन को चुनावी स्तर पर सक्रिय कर दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त किए गए भोपाल के प्रभारी प्रकाश चौकसे, प्रदेश प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी, युवा कांग्रेस ग्रामीण के जिला अध्यक्ष राहुल मंडलोई , युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अमित खत्री , प्रदेश सचिव लोकेंद्र शर्मा, NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, NSUI जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर , सोहन मेवाड़ा, रितेश सोनी सहित कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI के पदाधिकारी एवं छात्र नेता उपस्थित रहे।

