मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तिलहर पुलिस और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली की संयुक्त टीम ने दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 2.790 किलोग्राम अफीम और 300 ग्राम एल्प्राजोलम बरामद हुआ है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 13.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 20 अगस्त की शाम सरयू पुलिया से शाहजहांपुर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर आम के पेड़ के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर टीम ने वैजनाथ निवासी तिलहर और भूपेन्द्र सिंह निवासी कितुकापुर, थाना कांट को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 2.790 किलो अफीम, 300 ग्राम एल्प्राजोलम, दो मोबाइल फोन और 1,090 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना तिलहर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार, भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि वह वैजनाथ से अफीम लेकर अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करता था। पुलिस का दावा है कि वैजनाथ झारखंड से अफीम मंगाता था। पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े सुरेश चन्द्र निवासी आगरा को भी मामले में अभियुक्त नामित किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार वैजनाथ के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रभाष चन्द्र, एसटीएफ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक गौरव कुमार समेत थाना तिलहर और एसटीएफ फील्ड इकाई बरेली के पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
