धोबहट में पूर्वा नहर की पुलिया जर्जर, कभी भी हो सकती है धराशायी | New India Times

मोहम्मद इसहाक मदनी, ब्यूरो चीफ, मैहर (मप्र), NIT:

New India Times

मैहर जिले के अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुकुंदपुर के समीपस्थ ग्राम धोबहट में पूर्वा नहर पर बनी पुलिया जर्जर हालत में पहुंच चुकी है। पुलिया के हिस्से आए दिन टूटकर गिर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।

क्षेत्रवासियों ने इस समस्या की जानकारी अमरपाटन विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह (दादा भाई) को दी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर पुलिया का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर तत्काल पुलिया का निर्माण कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा ठोस पहल नहीं किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण नहीं कराया गया तो यह कभी भी धराशायी हो सकती है और बड़ी दुर्घटना घट सकती है। इस मामले को लेकर नवभारत और दैनिक जागरण द्वारा भी पूर्व में प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया जा चुका है, बावजूद इसके संबंधित विभाग के अधिकारी मौन बने हुए हैं।

वहीं, इसी पुलिया के ऊपर से विंध्य क्षेत्र की प्रमुख हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया से दोपहिया वाहनों से आवागमन करने वाले लोगों को करंट का झटका महसूस होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि पुलिया की स्थिति को देखते हुए तत्काल मरम्मत या पुनर्निर्माण कार्य कराया जाए तथा हाईटेंशन लाइन से उत्पन्न समस्या का भी स्थायी समाधान किया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.