मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन एवं मध्य प्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पेंशनर्स की लंबित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, भोपाल एवं प्रमुख सचिव, मध्यप्रदेश शासन के नाम कलेक्टर जिला बुरहानपुर के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया। यह ज्ञापन प्रांतीय निकाय के आह्वान एवं उसके मार्गदर्शन और दिशा-निर्देशों के अनुसार सौंपा गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष एवं उप प्रांताध्यक्ष अता उल्ला खान ने बताया कि प्रमुख मांगों में जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डीआर) का तत्काल आदेश जारी करना, जुलाई 2019 से केंद्र की तिथि के अनुरूप महंगाई राहत का नियमित भुगतान करना तथा जुलाई 2019 से दिसंबर 2025 तक 90 माह के बकाया एरियर का 3 प्रतिशत की दर से भुगतान करना शामिल है। इसके साथ ही सातवें वेतन आयोग के 27 माह तथा छठे वेतन आयोग के 32 माह के एरियर का भुगतान करने की मांग भी की गई है।
पेंशनर्स के लिए निःशुल्क उपचार, कैशलेस इलाज एवं स्वास्थ्य बीमा सुविधा लागू करने तथा 65, 70, 75 और 80 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर क्रमशः 5 प्रतिशत, 10 प्रतिशत, 15 प्रतिशत एवं 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
मध्यप्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष श्री के.डी. मिश्रा ने बताया कि विद्युत मंडल के पेंशनरों को पेंशन की गारंटी दी जाए तथा जिला कोषालय के माध्यम से पेंशन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन का वाचन प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री प्रकाश मराठे ने किया। कार्यक्रम का संचालन कोषाध्यक्ष श्री रामदास सगरे ने किया, जबकि आभार मध्यप्रदेश विद्युत मंडल पेंशनर्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री उपेंद्र जैन ने व्यक्त किया। इस दौरान पेंशनर्स संघों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

