मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
नगर में शालेय छात्राओं से छेड़छाड़ और उन्हें धमकाने का मामला सामने आया है। स्कूल से घर आते-जाते समय बाइक सवार युवकों द्वारा छात्राओं का पीछा कर कथित रूप से छेड़छाड़ की जा रही थी। छात्राओं के विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें उठाकर ले जाने की धमकी भी दी।
मामले से परेशान छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए जुन्नारदेव पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। छात्राओं ने पुलिस को बताया कि स्कूल आने-जाने के दौरान कुछ बाइक सवार युवक उनके आगे-पीछे घूमते हैं और रास्ते में छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर आरोपी उन्हें धमकाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते थे।
छात्राओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से छात्राओं और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।
स्कूल समय में पुलिस गश्त की मांग
घटना के बाद नागरिकों और अभिभावकों ने स्कूलों के आसपास तथा छात्राओं के आने-जाने वाले मार्गों पर स्कूल समय के दौरान नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि पुलिस की प्रभावी मौजूदगी से मनचलों की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सकता है और छात्राओं को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्कूलों के आसपास संदिग्ध रूप से घूमने वाले युवकों और बाइक सवारों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

