पंकज शर्मा, ब्यूरो चीफ, धार (म.प्र.), NIT:

मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित “जीरो पॉइंट टू नशामुक्ति अभियान” के अंतर्गत थाना कोतवाली धार पुलिस ने 18 जुलाई 2026 को नगर क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत बस स्टैंड, राजवाड़ा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोड़ा चौपाटी एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-02 सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विद्यार्थियों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
बस स्टैंड, राजवाड़ा एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घोड़ा चौपाटी में नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर नशे की लत से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों का प्रभावशाली मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से युवाओं एवं नागरिकों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों और नागरिकों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
उपनिरीक्षक आकाश सिंह एवं पुलिस टीम ने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों को नशे से होने वाली शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक हानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प कराया गया।
पुलिस की जनहित में अपील
धार पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने बच्चों एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशामुक्त, स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

