नशाखोरी से परिवार बिखर रहे हैं, युवा रहें नशे से दूर : डॉ. मनोज अग्रवाल | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

नशाखोरी से परिवार बिखर रहे हैं, युवा रहें नशे से दूर : डॉ. मनोज अग्रवाल | New India Times

“नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के अंतर्गत पंडित शिवनाथ शास्त्री शासकीय स्वशासी आयुर्वेदिक महाविद्यालय में सर्व सेवा संकल्प समिति एवं नशामुक्ति केंद्र, बुरहानपुर के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणाम, बचाव एवं सावधानियों के बारे में पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

मुख्य वक्ता के रूप में नशामुक्ति केंद्र, बुरहानपुर के संचालक डॉ. मनोज अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति को अनेक गंभीर बीमारियों का शिकार बना देती है। उन्होंने बताया कि नशाखोरी के कारण व्यक्ति के मन में नकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं, जिससे उसका व्यवहार हिंसक और आक्रामक हो सकता है। इसके चलते उसके पारिवारिक और सामाजिक संबंध भी प्रभावित होते हैं तथा वह समाज से कटने लगता है।

उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को आर्थिक रूप से भी कमजोर बना देती है, क्योंकि वह अपनी आय का बड़ा हिस्सा नशे पर खर्च कर देता है। यही कारण है कि नशाखोरी से अनेक परिवारों का विघटन हो रहा है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शिव कुमार आचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि नशे जैसी सामाजिक समस्या से निपटने के लिए सरकार, समाज और प्रत्येक व्यक्ति को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। तभी इस गंभीर समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र दुबे ने किया, जबकि डॉ. चेतन पाटीदार ने आभार व्यक्त किया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.