अमानगंज में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

अमानगंज में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस | New India Times

अमानगंज थाना क्षेत्र के तारा टेक इलाके में एक पेड़ से युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार मृतक की पहचान दमोह जिले के हरडू डांड़े निवासी 28 वर्षीय प्रेमलाल आदिवासी के रूप में हुई है। वह पिछले दो माह से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अमानगंज की नई बस्ती में रह रहा था तथा एक निर्माणाधीन मकान में ठेका मजदूर के रूप में कार्यरत था।

परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर में प्रेमलाल घर जाने की बात कहकर पैदल तारा टेक की ओर निकला था। शाम को स्थानीय बच्चों ने पेड़ पर एक शव लटका देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने प्रेमलाल को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

शव को पोस्टमार्टम के लिए अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि प्रेमलाल ने शराब के नशे की हालत में आत्मघाती कदम उठाया हो। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल अमानगंज थाना पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.