शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 18,806 शिक्षाकर्मियों को मिलेगा लाभ | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि एक स्वस्थ शिक्षक ही बेहतर समाज और मजबूत भविष्य का निर्माण कर सकता है। मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इस योजना के तहत उन्हें तथा उनके परिवारों को इम्पैनल्ड अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।

बुधवार को गन्ना शोध परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ तथा डीबीटी के माध्यम से छात्र-छात्राओं के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी मद की धनराशि वितरण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया।

कार्यक्रम में मौजूद जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद के 18,806 शिक्षाकर्मी मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित होंगे। वहीं डीबीटी के माध्यम से विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 26.5 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जा रही है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि इस राशि का उपयोग केवल निर्धारित शैक्षिक उद्देश्यों के लिए ही सुनिश्चित कराया जाए।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा नई शिक्षा नीति के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण अभियान में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता करने की अपील भी की।

कार्यक्रम में मिथिलेश कुमार, अरविंद सिंह, विनय मिश्रा (खंड शिक्षा अधिकारी), जिला समन्वयक सोहन शुक्ला, रोहित सिंह, एसआरजी अरुण कुमार, अश्विनी कुमार अवस्थी, एआरपी उपेंद्र तिवारी, शुभम तिवारी और रजनीश बाजपेई सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चार शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड प्रदान किए गए। साथ ही जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि को हनुमान जी की प्रतिमा भेंट की तथा सभी अतिथियों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.