मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
थाना रोजा पुलिस ने हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार दोपहर जमुका दोराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम चौरा निवासी ओमपाल सिंह की तहरीर पर थाना रोजा में मुकदमा संख्या 292/2026, धारा 109(1), 115(2) एवं 352 बीएनएस के तहत अभिषेक और महेश के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था।
आरोप है कि दोनों आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर ओमपाल सिंह, उनके भाई नन्हेलाल तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। इस हमले में नन्हेलाल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे।
मामले में आरोपी महेश लगातार फरार चल रहा था। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर थाना रोजा पुलिस ने जमुका दोराहे के पास घेराबंदी कर महेश पुत्र संतराम (50 वर्ष), निवासी ग्राम चौरा, थाना रोजा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक विजय कुमार एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

