आधारभूत सुविधाओं के अभाव में जुन्नारदेव से छिनी राज्य स्तरीय थांगता प्रतियोगिता की मेजबानी, खिलाड़ियों में निराशा | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

आगामी 1, 2 एवं 3 अगस्त 2026 को जुन्नारदेव में प्रस्तावित मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष संभव नहीं हो सकेगा। इसके चलते नगर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में निराशा का माहौल है।

जिला थांगता स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने प्रतियोगिता की मेजबानी जुन्नारदेव को दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग 300 खिलाड़ी तथा 50 से अधिक रेफरी, कोच और ऑफिशियल्स के शामिल होने की संभावना थी। लेकिन बढ़ती महंगाई, सीमित आर्थिक संसाधनों तथा खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की समुचित व्यवस्था के अभाव के कारण मेजबानी नहीं मिल सकी।

जिला सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी योगेश रुखमांगद ने बताया कि यदि जुन्नारदेव में आधुनिक इनडोर स्टेडियम उपलब्ध होता, जिसमें खेल मैदान के साथ 20 से 25 आवासीय कक्ष भी होते, तो खिलाड़ियों के ठहरने और प्रतियोगिता संचालन की अधिकांश व्यवस्थाएं एक ही परिसर में हो जातीं। इससे आयोजन की लागत में उल्लेखनीय कमी आती और एसोसिएशन पर आर्थिक बोझ भी कम पड़ता। वर्तमान में अलग-अलग स्थानों पर आवास, भोजन एवं अन्य व्यवस्थाएं करने से खर्च कई गुना बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसा इनडोर स्टेडियम केवल थांगता ही नहीं, बल्कि बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, कराते, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, स्केटिंग, योग, खो-खो और वॉलीबॉल सहित अनेक खेलों के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलेगा।

यदि प्रतियोगिता जुन्नारदेव में आयोजित होती, तो प्रदेशभर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों के कारण स्थानीय होटल, भोजनालय, परिवहन, व्यापारिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य छोटे व्यवसायों को भी प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ मिलता और नगर को प्रदेश स्तर पर नई खेल पहचान मिलती।

एसोसिएशन का मानना है कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलने पर अंडर-18 जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को अपने होम ग्राउंड पर खेलने का आत्मविश्वास मिलता। घरेलू माहौल और स्थानीय दर्शकों के उत्साहवर्धन से उनके बेहतर प्रदर्शन की संभावना बढ़ती, जिससे खेलो इंडिया यूथ गेम्स जैसे प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचने की उनकी संभावनाएं भी मजबूत होतीं।

उल्लेखनीय है कि जिला थांगता स्पोर्ट्स एसोसिएशन ने पिछले तीन वर्षों में 100 से अधिक जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी तैयार किए हैं, वहीं एसजीएफआई प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश को तृतीय स्थान दिलाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

जिला सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी योगेश रुखमांगद ने शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और खेल विभाग से जुन्नारदेव में आधुनिक इनडोर स्टेडियम एवं आवश्यक खेल सुविधाओं के विकास की मांग करते हुए कहा कि इससे भविष्य में नगर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगितियों की सफल मेजबानी कर सकेगा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.