रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से अधिक दक्ष और मजबूत बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक जिले में प्रशिक्षण शिविर एवं समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रांका एवं कांग्रेस प्रवक्ता साबिर फिटवेल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पार्टी का लक्ष्य बेहतर प्रबंधन, संगठनात्मक समन्वय और प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिक सफलता प्राप्त करना है। इसी क्रम में झाबुआ एवं अलीराजपुर जिले के मंडलम अध्यक्षों, बूथ प्रभारियों, ब्लॉक अध्यक्षों तथा शहर अध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 9 एवं 10 जुलाई को कॉलेज रोड स्थित एक निजी गार्डन में आयोजित किया जाएगा।
शिविर का शुभारंभ 9 जुलाई को प्रातः 11 बजे होगा। प्रशिक्षण शिफ्टवार आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षित वक्ता संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन तथा चुनावी रणनीति से संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं पूर्व सांसद श्रीमती उषा नायडू, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी, जिला प्रभारी अमन बजाज, राम सिंह सिकरवार, रवि भदोरिया, विमल छिपानी, शैलेंद्र सिंह अठाना सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, श्रीमती सेना महेश पटेल, वीर सिंह भूरिया, प्रदेश कांग्रेस महासचिव निर्मल मेहता, पूर्व विधायक मुकेश पटेल, जेवियर मेड़ा, वालसिंह मेड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनल जशवंत भाबर, उपाध्यक्ष अकमल डामोर तथा संगठन मंत्री शंकर सिंह भूरिया ने झाबुआ एवं अलीराजपुर जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, शहर अध्यक्षों, मंडलम अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों से प्रशिक्षण शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

