वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ में “प्लास्टिक उन्मूलन महा अभियान 5.0” के शुभारंभ को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में व्यापारियों ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए।
श्याम बिहारी मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष राम मोहन सोनी ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक के लिए पहले थोक व्यापारियों को नोटिस देकर छोटे दुकानदारों को पॉलीथीन की बिक्री बंद कराई जाए। वहीं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष अरुण अवस्थी ने फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को अतिक्रमण हटाने के लिए पूर्व सूचना देने की बात कही।
नगराध्यक्ष विनोद स्वर्णकार ने सावन मेले को ध्यान में रखते हुए जन-जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को रोका जा सके।
सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा तथा स्कूलों में प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को प्लास्टिक उन्मूलन के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी कि इस बार नगर पालिका पहले सिंगल यूज प्लास्टिक के थोक विक्रेताओं पर कार्रवाई करेगी। इसके बाद छोटे दुकानदारों पर जप्तीकरण और जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फुटपाथ अतिक्रमण हटाने की भी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने कहा कि अभियान की शुरुआत जन-जागरूकता से की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के उपयोग से नालियां चोक हो जाती हैं, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है और पशुओं, विशेषकर गौवंश के स्वास्थ्य पर भी दुष्प्रभाव पड़ता है। उन्होंने नगरवासियों से सिंगल यूज पॉलीथीन का प्रयोग न करने की अपील की।
बैठक में नानक चंद्र वर्मा, विश्वनाथ राजपूत, मुनेन्द्र पाल सिंह, पंकज राजपूत, शत्रोहन मिश्रा, रविंद्र कटियार, विजय मिश्रा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

