अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
पश्चिम मध्य रेल के भोपाल मंडल में कार्यरत टीटीई साकिब खान की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से लखनऊ–पुणे एक्सप्रेस में अपने परिजनों से बिछड़ी एक मासूम बच्ची सुरक्षित मिल गई। घटना गाड़ी संख्या 11408 लखनऊ–पुणे एक्सप्रेस की है, जब इटारसी से ट्रेन रवाना होने के बाद एस-9 कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री ने अपनी बच्ची के लापता होने की सूचना टीटीई को दी।
सूचना मिलते ही टीटीई साकिब खान ने बिना देर किए वाणिज्य नियंत्रण को अवगत कराया। कुछ ही समय बाद सूचना मिली कि इटारसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी को एक मासूम बच्ची सुरक्षित मिली है। श्री खान ने तत्काल जीआरपी से संपर्क कर यात्री के माध्यम से बच्ची की पहचान की पुष्टि कराई।
इसके बाद आवश्यक मेमो जारी कर हरदा स्टेशन पर बच्ची के पिता को ट्रेन से सुरक्षित उतारने की व्यवस्था की गई। वहां से वे दूसरी ट्रेन द्वारा इटारसी पहुंचे और अपनी बच्ची को सकुशल अपने साथ ले गए।
टीटीई साकिब खान की सूझबूझ, त्वरित निर्णय क्षमता और मानवीय संवेदनशीलता की यात्रियों के साथ-साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) श्री सौरभ कटारिया ने भी सराहना की। यह घटना रेलवे कर्मचारियों की यात्रियों की सुरक्षा और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

