मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जलालाबाद थाना पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार सुबह करीब 10:10 बजे सरैया मोड़ के पास से आरोपी आकाश (28) पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम करदौला, थाना जलालाबाद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर थाना जलालाबाद में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 307/2026 के तहत धारा 64(1)/333 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलित करते हुए आरोपी की तलाश की जा रही थी।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सकतावत सिंह तथा आरक्षी सनी कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

