बारिश ने खोली विकास की पोल, जलभराव पर नगर निगम से जवाब मांग रहे पार्षद प्रतिनिधि | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

हाल ही में हुई बारिश के बाद शहर में जलभराव की समस्या को लेकर कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी ने नगर के विकास कार्यों पर सवाल उठाए थे। इसी क्रम में खानकाह वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि सैयद इसहाक अली ने सोशल मीडिया पर जलभराव की तस्वीरें साझा करते हुए नगर निगम के विकास संबंधी दावों पर प्रश्नचिह्न लगाया है।

उन्होंने कहा कि दो दिन पहले हुई बारिश के दौरान भी खानकाह वार्ड में जलभराव की स्थिति बनी थी। उस समय नगर निगम आयुक्त सहित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था। सफाई अभियान चलाया गया और पानी की निकासी के दावे किए गए, लेकिन हालिया बारिश के बाद फिर वही स्थिति सामने आ गई।

पार्षद प्रतिनिधि का कहना है कि खानकाह वार्ड में सड़कें पानी में डूब गई हैं, गलियां तालाब का रूप ले चुकी हैं और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि नालों और जल निकासी व्यवस्था की सफाई हो चुकी थी, तो बारिश का पानी अब भी क्यों जमा हो रहा है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या जल निकासी व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुधारना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल नहीं है।

सैयद इसहाक अली ने आरोप लगाया कि वे लंबे समय से नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन जल निकासी से जुड़े प्रस्ताव और टेंडर अब तक अमल में नहीं आ सके हैं। उन्होंने महापौर माधुरी अतुल पटेल से मांग की कि केवल आश्वासन और प्रेस विज्ञप्तियों के बजाय स्थायी समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि वार्डवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.