हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

जनपद में निर्वाचक नामावलियों के अंतिम प्रकाशन हेतु निर्धारित तिथि 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसील) कार्यालयों में अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई। इसके साथ ही सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) द्वारा भी सूची का प्रकाशन सुनिश्चित किया गया।
प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची आमजन के अवलोकन के लिए संबंधित स्थलों पर बी.एल.ओ. के माध्यम से एक सप्ताह तक उपलब्ध रहेगी, जिससे मतदाता अपने नाम और विवरण की जांच कर सकें।
इसी क्रम में आज जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में जनपद के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के दौरान की गई कार्यवाही तथा मतदाता सूची की तैयारी से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।
आयोग के निर्देशानुसार सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की दो-दो प्रतियां (एक हार्ड कॉपी एवं एक सॉफ्ट कॉपी) भी उपलब्ध कराई गईं। बैठक में अपना दल की ओर से जिलाध्यक्ष ई. राम लौटन बिंद तथा युवा मंच के जिलाध्यक्ष उदय पटेल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

