अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

चुनार में विकास और डिजिटल इंडिया के दावों के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। वर्षों से संचालित पोस्टमार्टम हाउस, जिसे आधुनिक बनाने के नाम पर लाखों की कागजी खानापूर्ति की गई, आज बदहाली के कारण ताले में बंद पड़ा है। इसी गंभीर समस्या को लेकर आज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

चुनार क्षेत्र का एकमात्र पोस्टमार्टम हाउस पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है, जिससे स्थानीय जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामला तब और गंभीर हो गया जब डिजिटल प्रणाली और नवीनीकरण के नाम पर यहां कार्य तो कराया गया, लेकिन आज तक इसके दरवाजे आम जनता के लिए नहीं खोले गए।
रामराज सिंह पटेल का तीखा प्रहार:
समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव रामराज सिंह पटेल के नेतृत्व में आज कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन विरोधी नारे लगाए और आरोप लगाया कि सरकार केवल नवीनीकरण का ढोंग कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में आज भी पोस्टमार्टम हाउस पर ताला लटका हुआ है।
ज्ञापन और मांग:
प्रदर्शन के दौरान एसडीएम (SDM) के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा गया। रामराज सिंह पटेल ने कहा कि हस्तलिखित रिपोर्ट को समाप्त कर डिजिटल सिस्टम लागू करने के नाम पर इस सुविधा को बंद कर दिया गया है। आज स्थिति यह है कि किसी दुखद घटना के बाद परिजनों को शव लेकर जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती है, जिससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद होता है।

