अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, और जब इरादे बुलंद हों तो सफलता कदम चूमती है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है चुनार क्षेत्र के नरायनपुर के पास स्थित ग्राम सभा सोनई के निवासी अंकित सिंह पटेल ने। अंकित ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में 61वीं रैंक हासिल की है।
अंकित की इस ऐतिहासिक सफलता की खबर मिलते ही पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही अंकित सिंह पटेल अपने पैतृक गांव सोनई पहुंचे, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने पलक-पांवड़े बिछाकर उनका भव्य स्वागत किया।
बैंड-बाजे के साथ हुआ जोरदार स्वागत
गांव की सीमा पर पहुंचते ही युवाओं और बुजुर्गों ने अंकित को फूलों के हारों से लाद दिया। बैंड-बाजे की मधुर धुन और गगनभेदी नारों के बीच उन्हें उनके निवास स्थान तक ले जाया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि अंकित ने न केवल अपने माता-पिता का सिर गर्व से ऊंचा किया है, बल्कि पूरे चुनार क्षेत्र और सोनई गांव को प्रदेश के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।

