मक़सूद अली, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

अमेरिका, ईरान और इजरायल के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात की पृष्ठभूमि में भारत सरकार द्वारा ईरान के खिलाफ रुख अपनाने के कारण देश में डीजल, पेट्रोल और गैस की कमी का संकट उत्पन्न हो गया है। इस स्थिति से आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार की विदेश नीति को लेकर आलोचना करते हुए कहा जा रहा है कि इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग, बाहर पढ़ने वाले छात्रों, होटल एवं कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों, ऑटो रिक्शा चालकों तथा फूड स्टॉल संचालकों पर पड़ा है। देशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए परेशान हैं। साथ ही प्रधानमंत्री पर आम नागरिकों की समस्याओं की अनदेखी कर चुनाव प्रचार में व्यस्त रहने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
इसी के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी ने 6 अप्रैल 2026 को राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। “नरेंद्र… कब मिलेगा सिलेंडर?” इस नारे के साथ यह आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
यवतमाल में संविधान चौक पर आंदोलन किया जाएगा, जहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही जिले के सभी तहसील कार्यालयों के सामने प्रदर्शन कर तहसीलदारों को भी ज्ञापन दिया जाएगा।
वंचित बहुजन आघाड़ी के जिला अध्यक्ष डॉ. नीरज वाघमारे ने अपील की है कि इस आंदोलन में बड़ी संख्या में गरीब, मध्यम वर्ग, होटल व्यवसायी, कैटरिंग व्यवसायी, ऑटो रिक्शा चालक और अन्य नागरिक शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करें।

