खाली बर्तनों के साथ महिलाओं का प्रदर्शन: जल संकट और सड़क समस्या को लेकर कलेक्ट्रेट में अनोखा विरोध | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

तामिया के ग्राम चौरा डोंगरी ढाना और कुर्सी डोबरा की महिलाओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर पेयजल और सड़क की गंभीर समस्या को लेकर विरोध जताया। महिलाएं अपने हाथों में खाली गुंडी (पानी के बर्तन) लेकर पहुंचीं और अनोखे तरीके से प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लंबे समय से पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है। हालात यह हैं कि लोगों को रोजाना 3 से 4 किलोमीटर दूर नाले और झिरिया से पानी लाना पड़ रहा है। इसके बावजूद पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे दिनभर का समय पानी की व्यवस्था में ही निकल जाता है और मजदूरी पर भी असर पड़ रहा है।

सचिव पर लापरवाही का आरोप

महिलाओं ने बताया कि कई बार ग्राम पंचायत चौरा डोंगरी के सचिव को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव गांव में नियमित रूप से नहीं आते और समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने मांग की है कि दोनों गांवों में तत्काल एक-एक नलकूप (बोरवेल) खुदवाया जाए, ताकि पेयजल की स्थायी व्यवस्था हो सके। साथ ही मवेशियों के लिए भी पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे पशुपालन प्रभावित हो रहा है।

ग्रामीणों ने गांव तक पक्की सड़क निर्माण की मांग भी उठाई। उन्होंने बताया कि अभी कच्चे और धूल भरे रास्तों से आवागमन करना पड़ता है, जो बरसात में दलदल में बदल जाते हैं। इससे गांव तक पहुंचना मुश्किल हो जाता है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article