पुणे के बाणेर में तेज बारिश से जलभराव, सड़कों ने लिया नदी का रूप, यातायात प्रभावित | New India Times

इमरान खान, पुणे, (महाराष्ट्र), NIT:

शहर में बेमौसम बारिश ने अचानक जोरदार दस्तक दी, जिससे कई इलाकों में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। खासकर बाणेर इलाके में महज आधे घंटे की तेज बारिश के कारण सड़कों ने नदी का रूप ले लिया और नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बाणेर स्थित पासपोर्ट कार्यालय के सामने वाली सड़क पर टखनों तक पानी भर गया है। कुछ ही समय पहले सूखी दिख रही यह सड़क बारिश के पानी से पूरी तरह जलमग्न हो गई। दोपहिया वाहनों के टायर पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, वहीं चारपहिया वाहनों को भी पानी के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ रहा है। कई वाहन पानी में फंसने की भी जानकारी सामने आई है।

अचानक हुई इस बारिश से नागरिकों में अफरा-तफरी मच गई है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। ओलों के साथ हुई इस बारिश के कारण पश्चिम पुणे के अन्य इलाकों में भी ऐसी ही स्थिति बनने की खबर है।

इस बीच, पुणे वेधशाला ने पहले ही शहर समेत दक्षिण महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बेमौसम बारिश की संभावना जताई थी। अब यह अनुमान सही साबित होता नजर आ रहा है। इस बारिश से किसानों के सामने भी नई चुनौती खड़ी होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने के साथ-साथ जलभराव वाली सड़कों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article